
लंदन। 'किंग आफ पाप' माइकल जैक्सन ने भले ही अपनी वसीयत से अपने पिता का पत्ता साफ कर दिया हो, लेकिन उनके पिता कहां हार मानने वाले हैं। 81 वर्षीय जो जैक्सन ने अदालत में याचिका दायर की है कि उन्हें माइकल की संपत्तिमें से हर महीने खर्चे के लिए पैसे दिए जाएं। अदालती सूत्रों ने बताया कि जो ने हर महीने 15 हजार डालर [करीब सात लाख रुपये] की मांग की है।
'थ्रिलर' स्टार की वसीयत में मां कैथरीन और उनके तीन बच्चों के अलावा कुछ चैरिटेबल ट्रस्ट के बारे में तो लिखा गया है, लेकिन जो के बारे में कोई जिक्र नहीं है। अदालत ने जैक्सन की संपत्तिमें से पहले ही कैथरीन को 26 हजार डालर [करीब 12 लाख रुपये] और बच्चों की देखभाल के लिए 60 हजार डालर [करीब 28 लाख रुपय] देने की आज्ञा दे दी थी। अदालत में दायर याचिका में कहा गया है कि मधुमेह के मरीज जो के पास आय का कोई स्रोत नहीं है।
रियलिटी शो में दिखेंगे जैक्सन के भाई
जैक्सन के परिवार के बारे में खबर है कि उनके भाई 13 दिसंबर से शुरू हो रहे रियलिटी शो में एक साथ दिखने वाले हैं।
शो से जुड़ी कंपनी के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार 'द जैक्सन्स : ए फैमिली डायनेस्टी' शो जैक्सन के भाइयों जैकी, जर्मेन, टीटो और मार्लोन पर केंद्रित है। शो की छह कड़ियां प्रसारित की जाएंगी। इस कार्यक्रम का प्रस्ताव साल भर पहले ही रखा गया था, लेकिन माइकल ने अपने भाइयों के साथ किसी भी शो में भाग लेने से इनकार कर दिया था।