
बुखारेस्ट। जिंबाब्वे के राष्ट्रपति राबर्ट मुगाबे का वहां की संसद पर से नियंत्रण खत्म होने के बाद अमेरिका ने जिंबाब्वे की सरकार से वहां की जनता के निर्णय का आदर करने का आग्रह किया है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता गार्डन जोंडरो ने कहा कि हम जिंबाब्वे में स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और उम्मीद करते हैं कि वहां की जनता के निर्णय का सम्मान किया जाएगा। गौरतलब है कि शनिवार को जिंबाब्वे में हुए चुनावों में राष्ट्रपति मुगाबे की पार्टी का वहां के संसद पर से नियंत्रण खत्म हो चुका है। जिंबाब्वे में विपक्ष द्वारा यह कहने के बाद कि अमेरिका और बुश विरोधी मुगाबे पहली बार राष्ट्रपति चुनाव में हार गए हैं के बाद व्हाइट हाउस का यह बयान आया है। परिणामों से यह साबित होता है कि मुगाबे के नेतृत्व वाली जेडएएनयू पीएफ को संसद में बहुमत नहीं मिला है और उसे संयुक्त विपक्ष से ज्यादा सीटें नहीं मिली हैं। हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर परिणामों की घोषणा नहीं की गई है और सरकार ने विपक्ष के दावों को खारिज कर दिया है, लेकिन करीब 28 वर्षो से जिंबाब्वे में एकछत्र शासन कर रहे मुगाबे के लिए यह काफी मुश्किल की समय है।
उधर, अमेरिका ने जिंबाब्वे के निर्वाचन कमीशन से चुनावों के परिणाम जारी करने का आग्रह किया है। अमेरिका ने कहा कि यह स्पष्ट हो चुका है जिंबाब्वे की जनता ने बदलाव के लिए वोट डाला था।