इस्लामाबाद। भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा संबंधी विवाद के हल की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। सूत्रों का कहना है कि सर क्रीक विवाद को हल करने की दिशा में काफी कुछ हो रहा है। इस क्षेत्र में दोनों देशों के विशेषज्ञों द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर हल निकालने की कोशिश जारी है।
राजनयिक सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2004 से दोनों देशों के बीच समग्र बातचीत के तहत जिन आठ मुद्दों पर चर्चा चल रही है, उनमें से सर क्रीक विवाद के सिलसिले में काफी प्रगति हुई है। 21 मई को यहां भारतीय विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष महमूद कुरैशी के बीच बैठक में भी इस पर चर्चा होगी।
अखबार 'डेली टाइम्स' ने लिखा है कि सर क्रीक इलाके में भारत और पाकिस्तान के विशेषज्ञों ने 20 दिन तक सर्वे किया है। इस आधार पर ही विवाद के अंतिम हल की ओर बढ़ा जाएगा। गौरतलब है कि सर क्रीक भारत के गुजरात में कच्छ और पाकिस्तान के सिंध प्रांत को अलग करती है।
पाकिस्तान इस पूरे इलाके पर दावा करता रहा है। भारत का कहना है कि इस सीमा रेखा को 1925 में दिखाए गए नक्शे के तौर पर मान्यता मिलनी चाहिए। सूत्रों का कहना है कि इस विवाद के हल की दिशा में पहला कदम होगा कि दोनों देश एक नक्शे पर सहमत हों। सूत्र यह भी बताते हैं कि दोनों देश इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।