समाचार

करजई को आईएसआई पर अंकुश की उम्मीद

Aug 20, 05:06 pm
  Print

लंदन। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई ने उम्मीद जताई है कि परवेज मुशर्रफ के इस्तीफे के बाद पाकिस्तान की लोकतांत्रिक सरकार अपनी खुफिया एजेंसी आईएसआई पर लगाम कसने में सक्षम होगी।

पत्रिका टाइम को दिए साक्षात्कार में करजई ने कहा कि गिलानी [पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा] एक अच्छे व्यक्ति हैं। उनके इरादे नेक हैं। मुझे उम्मीद है कि वह नियंत्रण के उपाय अपनाएंगे। इस बारे में पाकिस्तान सरकार को फैसला करना है और इस संबंध में मदद करना हमारी तथा अंतरराष्ट्रीय समुदाय की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अफगानिस्तान के साथ भारत के संबंध बम विस्फोटों, आत्मघाती हमलों या हिंसा की घटनाओं से प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि हमारा जिस प्रकार का संबंध भारत से है उससे पाकिस्तान को कोई नुकसान नहीं है।

करजई ने कहा कि भारत अफगानिस्तान की जनता के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल मुहैया करा रहा है.. मैं भी उनमें से एक हूं और मेरे जैसे हजारों लोग भारत में शिक्षा प्राप्त करते रहे हैं। अफगानिस्तान इस प्रकार के संबंध का हिमायती है। हम यह उम्मीद करते हैं कि पाकिस्तान भारत के साथ अच्छे संबंध विकसित करेगा। पाकिस्तानी सेना से आतंकवाद को समर्थन देने को लेकर आईएसआई पर रोक लगाने के सिलसिले में हस्तक्षेप करने का आह्वान करते हुए अफगानिस्तान के राष्ट्रपति ने कहा कि पाकिस्तान के साथ दोस्ताना संबंध के बिना उनका देश शांति या समृद्धि हासिल नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह [पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल अश्फाक परवेज कियानी] इस बात को समझेंगे कि वे जो कुछ कर रहे हैं [अफगानिस्तान में आतंकवाद को समर्थन करने के मामले में] उससे पाकिस्तान को भी खासा नुकसान है।

करजई ने कहा कि अफगानिस्तान की प्रगति और स्थिरता से पाकिस्तान की प्रगति और स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा। अफगानिस्तान पाकिस्तान की समृद्धि में इजाफा करने में सहायक होगा।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति