समाचार

असली खतरा अफगानिस्तान में: ओबामा

Aug 29, 07:30 pm
  Print

वाशिंगटन। डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बराक ओबामा अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश के खिलाफ आग उगलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि अमेरिका इराक में फंसा हुआ है जबकि वाशिंगटन को असली खतरा अफगानिस्तान में है।

ओबामा ने रिपब्लिकन पार्टी के पिछले आठ साल के शासन को विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर वह मौजूदा आर्थिक नीतियों को बदल देंगे क्योंकि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में आई मंदी के लिए ये नीतियां ही जिम्मेदार हैं।

इराक में युद्ध खत्म करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए ओबामा ने कहा कि उनकी सुरक्षा नीति का मुख्य लक्ष्य अल कायदा और अफगानिस्तान में तालिबान के खिलाफ युद्ध को खत्म करना होगा। डेनेवर में डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर भाषण में ओबामा ने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी जान मैक्केन को भी निशाने पर लिया।

उन्होंने कहा कि मैक्केन इराक में युद्ध को समर्थन दे रहे हैं जबकि असली खतरा अफगानिस्तान में है। उन्होंने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने और रूस की उग्रता को रोकने के लिए वह सख्त कूटनीति की इच्छा रखते हैं। उन्होंने भविष्य की लड़ाई के लिए अमेरिकी सेना में अहम सुधार किए जाने की बात भी कही।

प्रतिद्वंद्वी खेमे के इस आरोप पर कि डेमोक्रेटिक नेता देश की सुरक्षा से समझौता करेंगे, ओबामा ने रिपब्लिकन दल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, हम रूजवेल्ट की पार्टी से हैं। हम कैनेडी के दल से हैं। तो मुझसे यह मत कहिए कि डेमोक्रेट्स देश की हिफाजत नहीं करेंगे।

इस बीच यहां चल रहे डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में ओबामा के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी स्वीकारने के साथ ही करीब 45 बरस पहले मार्टिन लूथर किंग के अमेरिकन ड्रीम का सपना सच हो गया। तब मार्टिन लूथर किंग ने आई हैव ए ड्रीम भाषण दिया था। उस समय अफ्रीकी अमेरिकियों को वोट देने का अधिकार नहीं था। मार्टिन लूथर किंग के पुत्र ने बताया कि यह यादगार क्षण है। अमेरिकी इतिहास में पहली बार अश्वेत राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ रहा है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति