
वाशिंगटन। अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जान मैक्केन की पत्नी सिंडी ने अपने सात बच्चों को परिवार की खुशियों का कारण बताया है। इनमें एक बांग्लादेशी बच्ची 'ब्रिगेट' भी है जिसे उन्होंने ढाका स्थित मदर टेरेसा के एक अनाथालय से गोद लिया था।
बृहस्पतिवार को मिनिसोटा में रिपब्लिकन पार्टी के सम्मेलन में सिंडी ने अपने पारिवारिक मूल्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मैं उन सात वजहों को आपसे परिचित कराना चाहती हूं जिनकी वजह से मेरा परिवार हमेशा खुश रहता है। उन्होंने कहा कि मैं और जान आज रात अपने बच्चों के साथ होकर बहुत खुश है। मेरे लिए मां बनने से बड़ी खुशी कोई और नहीं है।
सिंडी ने कहा कि उनके पिता ने उन्हे सिखाया है कि सिर्फ, खुद के लिए जीना ही जीवन नहीं है, बल्कि अगली पीढि़यों के लिए एक बेहतर विश्व का निर्माण करना भी हमारे जीवन का उद्देश्य होना चाहिए। बांग्लादेश की एक बच्ची को गोद लेने के बारे में उन्होंने बताया कि जब वे तूफान पीड़ित बांग्लादेश में घूम रहीं थीं जहां चारों ओर गरीबी फैली हुई थी। तभी मदर टेरेसा के एक अनाथालय में दो नन्हीं बीमार बच्चियों ने उनका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सिंडी ने बताया कि वे उन दोनों बच्चियों को अपने साथ ले आई और उनमें से एक को उन्होंने गोद ले लिया।