
वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बराक ओबामा ने पाकिस्तान पर आतंकवाद से लड़ने के लिए दी जाने वाली अमेरिकी सहायता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए एक सनसनीखेज बयान में कहा है कि पाकिस्तान उनके धन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ युद्ध की तैयारी में कर रहा है।
सीनेटर ओबामा ने कहा कि यदि वह व्हाइट हाउस पहुंचते हैं तो उनका प्रशासन पाकिस्तान पर अफगानिस्तान की उत्तरी सीमा से सटे आतंकियों की सुरक्षित पनाहों के लिहाज से शर्तो के लिए दबाव बढ़ाएगा।
फाक्स न्यूज के साथ साक्षात्कार में ओबामा ने कहा कि अमेरिका बिना लगाम कसे पाकिस्तान को सैन्य सहायता दे रहा था। इसलिए पाकिस्तान सैन्य सहायता का दुरुपयोग कर रहा था। वह भारत के खिलाफ युद्ध की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह अलकायदा सरगना ओसामा बिना लादेन का पीछा अंत तक करेंगे।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रशासन कट्टरपंथियों को पाकिस्तान पर कब्जा नहीं करने देगा। ओबामा ने कहा कि हम उन्हें अतिरिक्त सैन्य सहायता देंगे, आतंकियों पर निशाना साधेंगे और हम लोकतंत्र निर्माण में उनकी मदद करेंगे। हमने आतंकियों की सुरक्षित पनाहों को खत्म करने के लिए मुशर्रफ को जवाबदेह ठहराए बिना उन पर दस अरब अमेरिकी डालर बर्बाद किए।