न्यूयार्क। एक-दूसरे के खिलाफ कड़वाहट भरे चुनाव प्रचार अभियान के बावजूद व्हाइट हाउस के सर्वोच्च पद के चुनाव के उम्मीदवार बराक ओबामा और जान मैक्केन बृहस्पतिवार को यहां ग्राउंड जीरो पर 9/11 यानी वर्ष 2001 के 11 सितंबर के आतंकी हमले में मारे गए मृतकों को एक साथ श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। ग्राउंड जीरो पर ही सात वर्ष पहले वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दो इमारतें हमले की वजह से ढह गई थीं।
न्यूयार्क के ग्राउंड जीरो पर दोनों नेताओं के दौरे के बारे में हालांकि तुरंत विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी, लेकिन डेमोक्रेट ओबामा और रिपब्लिकन मैक्केन ने बृहस्पतिवार को आने वाली सातवीं बरसी पर एक दिन के लिए नकारात्मक विज्ञापन नहीं देने और एक-दूसरे के प्रति विनम्र रुख अपनाने का फैसला किया है।
एक संयुक्त वक्तव्य में कहा गया कि सभी लोग डेमोक्रेटिक या रिपब्लिकन की तरह नहीं, बल्कि अमेरिकियों के तौर पर वहां आएं। वक्तव्य के अनुसार चाहे वह धुएं से भरे गलियारे हों, कैपिटल [पर्वत] हो या सतर्कता की बात हो एक अमेरिकी परिवार के तौर पर हम एकजुट हैं। बृहस्पतिवार को हम राजनीति को एक तरफ रखकर हमारी एकता को पुनर्जागृत करेंगे ताकि मारे गए हर अमेरिकी की याद को सम्मान दिया जा सके और उन परिवारों तथा मित्रों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की जा सके जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।
दोनों नेताओं का संयुक्त वक्तव्य कहता है, हम उन दमकलकर्मियों, पुलिसकर्मियों और आपातकालीन स्थिति में तत्परता दिखाने वालों के प्रति धन्यवाद प्रकट करेंगे जिन्होंने स्वार्थरहित सेवा का एक साहसिक उदाहरण स्थापित किया है। उन महिलाओं और पुरुषों को भी धन्यवाद दिया जाएगा जो आज उस सुरक्षा और स्वतंत्रता की हिफाजत के लिए सेवाएं दे रहे हैं जिस पर न्यूयार्क शहर में हमला हुआ था। राष्ट्रपति पद के चुनाव के दोनों प्रत्याशियों ने शनिवार देर शाम कहा कि वे कोलंबिया विश्वविद्यालय के सर्विस नेशन फोरम पर एक साथ नजर आएंगे।
टाइम पत्रिका के संपादक रिचर्ड स्टेंजल और पीबीएस न्यूज आवर के जूडी वूडंफ की ओर से हो रहे इस कार्यक्रम में बहस नहीं होगी, बल्कि अलग-अलग भाषण किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम में राष्ट्रपति पद के चुनाव से जुड़ी परिचर्चा नहीं होगी लेकिन दोनों नेताओं के बीच वार्तालाप होगा। दोनों नेता कोलंबिया से जुड़े हैं। ओबामा ने वर्ष 1983 में यहां से स्नातक डिग्री हासिल की थी। जब से वह राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बने हैं उसके बाद से वह अपने कालेज में पहली बार नजर आएंगे।
मैक्केन की पुत्री मेघन भी कोलंबिया से वर्ष 2007 में स्नातक की डिग्री हासिल कर चुकी हैं। मैक्केन यहां वर्ष 2007 में आए थे जब उन्होंने यहां के स्नातक समारोह में संबोधित किया था। संबोधन के दौरान इराक युद्ध का समर्थन करने पर उन्हें बीच-बीच में टोका भी गया था।