
वाशिंगटन। अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बराक ओबामा ने रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी जान मैक्केन से चुनावी सर्वेक्षण में छह अंकों की बढ़त हासिल कर ली है।
रायटर, सी स्पेन और जागवाइ की ओर से किए गए सर्वेक्षण की जारी रिपोर्ट में ओबामा को 49 प्रतिशत और मैक्केन को 43 प्रतिशत लोगों ने अपनी पहली पसंद बताया। गत मंगलवार को शुरू हुए सर्वेक्षण में ओबामा ने अब तक सर्वाधिक छह अंक की बढ़त हासिल की।
शनिवार को सर्वेक्षण समाप्त होने से पहले वह चार अंक की बढ़त हासिल कर चुके थे। सर्वेक्षण दल के प्रमुख जान जागबी ने बताया कि ओबामा ने पहले दिन से ही मैक्केन से कम से कम दो अंकों की बढ़त कायम रखी, जो अंत में छह अंक तक पंहुच गई।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं के रुझान से लगता है कि ओबामा इसी तरह से बढ़त बनाए रखेंगे। सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार ओबामा को महिलाओं ने खासी तरजीह दी है। महिलाओं की पसंद के मामले में ओबामा, मैक्केन से 12 अंक आगे रहे। जबकि युवा मतदाताओं के मामले में उन्होंने 20 अकों की बढ़त हासिल की।
इसके अलावा श्वेत मतदाताओं में मैक्केन ने 10 अंकों की बढ़त हासिल की और 92 प्रतिशत अश्वेत लोगों ने ओबामा को अपनी पहली पसंद बताया।
एक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक मैक्केन मौजूदा आर्थिक संकट से देश को उबारने संबंधी अपने विचारों से मतदाताओं को ठीक से अवगत नहीं करा पा रहे हैं।