
जोहानसबर्ग। जिंबाब्वे ने संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर सहित कुछ अन्य प्रमुख हस्तियों को मौजूदा राजनीतिक संकट का जायजा लेने के लिए देश में आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
अन्नान ने शनिवार को बताया कि वह और कार्टर तथा कुछ अन्य लोग आज जिंबाब्बे के राजनीतिक संकट से उत्पन्न हालात का जायजा लेने हरारे जाना चाहते थे, लेकिन जिंबाब्बे सरकार ने उन सभी को वीजा देने से मना कर दिया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति थांबे म्बेकी ने भी जिंबाब्बे सरकार से वीजा जारी करने का अनुरोध किया, लेकिन उसे भी नहीं माना गया।
उल्लेखनीय है कि म्बेकी जिंबाब्बे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे और विपक्षी दल की ओर से चलाए जा रहे लोकतांत्रिक आंदोलन के बीच मध्यस्थ की भूमिका अदा कर रहे हैं।
अन्नान ने बताया कि उन लोगों का आज सुबह जिंबाब्बे जाने का कार्यक्रम था, लेकिन वहां की सरकार की ओर से उन लोगों को किसी तरह की मदद न करने की जानकारी देते हुए न आने की सलाह दी गई। इसके बाद उन लोगों को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।