यंगून। अदालत ने किसी प्रशासनिक गलती के चलते विपक्षी नेता आंग सान सू की के मुकदमे की सुनवाई एक हफ्ते के लिए टाल दी है। नेशनल लीग फार डेमोक्रेसी के प्रवक्ता न्यान विन ने बताया कि 'सुप्रीम कोर्ट ने मामले को निचली अदालत में नहीं भेजा। इसलिए अदालत की कार्रवाई सिर्फ 10 जुलाई तक के लिए स्थगित हुई है।'
गौरतलब है कि सू की पर एक अमेरिकी को अपने घर में ठहराकर नजरबंदी के नियम तोड़ने का आरोप है। बीते चार मई को सू की का एक अमेरिकी समर्थक तैरकर उनके घर आ गया था। यदि वह दोषी पाई जाती हैं तो उन्हें पांच साल कारावास की सजा हो सकती है।
म्यांमार में आसान नहीं मून की राह
यंगून। लगता है कि म्यांमार में लोकतंत्र स्थापना और राजनीतिक बंदियों की रिहाई को लेकर संयुक्त राष्ट्र के अभियान की बागडोर खुद महासचिव बान की-मून ने थाम ली है। हालांकि म्यांमार के सैन्य शासक यानी जुंटा से उन्हें सहयोग मिलेगा, इसमें संदेह है। जुंटा प्रमुख सीनियर जनरल थान श्वे के निमंत्रण पर शुक्रवार को म्यांमार पहुंचे मून ने अपनी यात्रा को 'दुरूह मिशन' करार दिया है। वह चाहते हैं कि जुंटा देश में बंद सभी राजनीतिक बंदियों को रिहा कर दें। हालांकि थान श्वे ने विपक्षी नेता आंग सान सू की से मिलने की उनकी अपील भी ठुकरा दी।
मून ने जनरल थान श्वे से राजधानी नेपाईदा स्थित आलीशान नुआंग यीक्ता कार्यालय में मुलाकात की। मून ने म्यांमार आने के निमंत्रण के लिए जनरल श्वे का शुक्रिया अदा किया। एक तरफ उन्होंने जुंटा प्रमुख से म्यांमार में निष्पक्ष चुनाव कराने और आंग सान सू की समेत सभी राजनीतिक बंदियों को रिहा करने की अपील की, वहीं म्यांमार में शांति, संपन्नता व लोकतंत्र के प्रयासों के लिए सराहना भी की।
बान की प्रवक्ता मिशेल मोंतास के मुताबिक 'बान की यात्रा का मकसद सू की समेत सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई, सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत की शुरुआत, विश्वसनीय चुनाव कराने लायक माहौल बनाना तथा चक्रवाती तूफान नरगिस से पैदा हुए हालातों से निपटने के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों को तेज करने के मुद्दे शामिल हैं।' बान की ने कहा कि 'संयुक्त राष्ट्र म्यांमार को आगे ले जाने के लिए आपकी मदद करना चाहता है।' हालांकि थान श्वे ने विपक्षी नेता सू की से मिलने की मून की अपील नामंजूर कर दी है। श्वे के मुताबिक सू की पर मुकदमा चल रहा है। ऐसे में उनसे मिलना ठीक नहीं होगा। हालांकि बान के मुताबिक श्वे ने उनसे इंतजार करने के लिए कहा है।