
लंदन। फ्रांस के एलिसी पैलेस में केवल कार्ला ब्रूनी ही पूर्व माडल नहीं हैं। उनके पति और फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने भी बाल्यावस्था में विज्ञापन में काम किया था।
'द डेली टेलीग्राफ' की खबर के मुताबिक सरकोजी 12 साल की उम्र में बोनक्स कंपनी के लिए विज्ञापन में दिखाई दिए थे, यह कंपनी बच्चों के खिलौनों की पैकिंग के लिए मशहूर है।
ब्रिटिश अखबार में प्रकाशित विज्ञापन की तस्वीरों में सरकोजी के हाथों में एक विमान का माडल दिखाया गया है और उनके पीछे चीन की उड़ान के संबंध में कुछ लिखा हुआ है। उनके पिता पाल सरकोजी डि नेगी बोक्सा भी 1967 में इस विज्ञापन के प्रकाशन से जुड़े थे और वह बोनक्स में इलस्ट्रेटर के तौर पर काम करते थे। वह अपने काम से एक धनवान और सफल विज्ञापन कर्मी बन गए थे। हालांकि युवा सरकोजी को अपने माडलिंग करियर से आर्थिक तौर पर ज्यादा फायदा नहीं हुआ।