सियोल। उत्तर कोरिया ने अमेरिका पर सीधी बातचीत का दबाव बनाने के लिए मंगलवार को धमकी भरे लहजे का इस्तेमाल किया। उत्तर कोरिया ने कहा कि परमाणु हथियारों का अपना जखीरा बढ़ाने के लिए उसने हजारों परमाणु ईधन छड़ों का संवर्द्धन कर लिया है।
देश की आधिकारिक न्यूज एजेंसी में कहा गया है कि इस्तेमालशुदा आठ हजार परमाणु ईधन छड़ों का पुनर्प्रसंस्करण पूरा कर लिया गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक इससे कम से कम एक परमाणु बम के लिए पर्याप्त प्लूटोनियम प्राप्त किया जा सकता है। माना जाता है कि उत्तर कोरिया ने कम से कम आधा दर्जन परमाणु हथियार बनाने के लिए पर्याप्त प्लूटोनियम जुटा लिया है।
उत्तर कोरिया की ताजा घोषणा यह आशंका पैदा करती है कि वह अपना परमाणु भंडार बढ़ा सकता है। इस घोषणा से एक दिन पहले उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर सीधी परमाणु वार्ता की उसकी मांग मंजूर करने का दबाव बनाया था।