
सोल/नई दिल्ली। दक्षिण कोरियाई संसद ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते को शुक्रवार को मंजूरी दे दी। इस समझौते से जनवरी से वाहन उपकरण समेत कई उत्पादों पर शुल्क में कटौती होगी या वह पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार एशिया की तीसरी और चौथी सबसे अर्थव्यवस्था के बीच अगस्त में हुए समझौते को दक्षिण कोरियाई नेशनल एसेंबली ने शुक्रवार को पारित कर दिया।
व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता [सीईपीए] से मौजूदा 13 अरब डालर के द्विपक्षीय कारोबार को बढ़ाने में मदद मिलेगी। सेपा के तहत दक्षिण कोरिया के 93 तरह के उत्पादों और भारत के 85 प्रकार के उत्पादों पर या तो प्रशुल्क दर कम किया जाएगा या पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। फिलहाल द्विपक्षीय कारोबार में दक्षिण कोरिया की स्थिति मजबूत है। वर्ष 2008-09 में दक्षिण कोरिया ने भारत को 8.5 अरब डालर का निर्यात किया जबकि 3.9 अरब डालर का आयात किया गया। भारत ने इसी प्रकार का समझौता 10 देशों के संगठन दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन [आसियान] के साथ किया है। यह मुक्त व्यापार समझौता भी जनवरी से लागू होगा।