
लंदन। फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को आखिरकार अपने राजनीतिक करियर की चिंता सताने लगी है। खबर है कि वे अपनी पत्नी कार्ला ब्रूनी से ज्यादा राजनीति को प्राथमिकता देने लगे हैं। पार्टी सदस्यों द्वारा ब्रूनी की शिकायत के बाद सरकोजी ने उन्हें सीमा में रहने और हस्तक्षेप नहीं करने की हिदायत दी है।
मीडिया की खबरों के अनुसार, सरकोजी ने पूर्व सुपर माडल ब्रूनी से सुर्खियों से दूर रहने को कहा है क्योंकि उनके अपने दक्षिणपंथी सहयोगियों ने ब्रूनी के वामपंथी प्रभाव को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। ब्रिटिश अखबार 'द डेली टेलीग्राफ' ने ब्रूनी के एक मित्र के हवाले से कहा है कि सरकोजी ने ब्रूनी से राजनीतिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने को कहा है लेकिन ब्रूनी को इसकी कोई परवाह नहीं।'
दरअसल सरकोजी की यूएमपी पार्टी के सदस्यों ने राष्ट्रपति पर अपनी पत्नी के प्रभाव में आने का आरोप लगाया है। सरकोजी की पार्टी के एक सदस्य ने कहा,' राष्ट्रपति एक माडल पत्नी के प्रभाव में हैं, जो उनसे अधिक धनी व मशहूर हस्ती हैं। वह वामपंथी विचारधारा से ताल्लुक रखती हैं। सरकोजी को अपने मतदाताओं की कोई परवाह नहीं है।' 2007 के चुनाव के बाद से पहली बार देश में सरकोजी की रेटिंग सबसे नीचे गई है। ब्रूनी को हाल ही में एक प्रमुख फ्रांसीसी मैगजीन ने राजा लुई 16वें की पत्नी एंतोनियो के समान करार देते हुए कहा था कि वह आम लोगों से पूरी तरह कट गई हैं।