समाचार

पाक में नहीं छिपा है लादेन

May 09, 03:25 pm
  Print

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नए रक्षा मंत्री चौधरी अहमद मुख्तार ने कहा कि अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन उनके देश में नहीं छिपा है।

मुख्तार ने डान समाचार चैनल से कहा कि मैं नहीं सोचता कि ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में है, क्योंकि हमने अपने इलाके की पूरी तलाशी ली है। गौरतलब है कि पश्चिमी देशों के समाचार पत्रों में लगातार खबरें आई हैं कि लादेन अफगानिस्तान की सीमा से लगने वाले पाकिस्तान के कबायली इलाके में छिपा है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान से लगने वाली सीमा पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित करना संभव नहीं है, लेकिन पाकिस्तान अपने भूभाग में सक्रिय अलकायदा आतंकियों को पकड़ने की हरसंभव कोशिश कर रहा है।

मुख्तार ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि उनकी संख्या सैकड़ों में होगी। हमारी कोशिश है कि उनके नेतृत्व को पकड़ें और अदालत के कटघरे तक लाएं। देखना है कि हम क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना को शुरू में आतंकवाद के खिलाफ मुहिम में कुछ दिक्कत हुई, क्योंकि अब तक उसे केवल परंपरागत शत्रु से ही लड़ने का प्रशिक्षण मिला था, लेकिन पिछले दो वर्ष में स्थिति बदली है।

मुख्तार ने कहा कि प्रणाली में कुछ छोटी-मोटी खामियां हैं, लेकिन कहा जा सकता है कि हम उस युद्ध के लिए प्रशिक्षित नहीं हैं जो हम लड़ रहे हैं। वैसे आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ रही सेना अकेली नहीं है। सभी नागरिक उसके साथ हैं। वह भी तो लड़ ही रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर नागरिकों का समर्थन न होता तो सेना यह युद्ध लड़ने के बारे में नहीं सोच सकती थी।

मुख्तार ने कहा कि हम ऐसे किसी भी व्यक्ति को छोड़ने नहीं जा रहे हैं जो आतंकी है। हम ऐसे व्यक्ति को अदालत तक ले जाएंगे। अफगानिस्तान की सीमा से सैनिकों की वापसी की संभावना के बारे में पूछने पर मुख्तार ने कहा कि अगर हम सीमाओं पर शांति चाहते हैं तो वहां लंबे समय तक सेना तैनात रखने की जरूरत नहीं है। जब तक हम अपने देश से आतंकियों और आत्मघाती हमलावरों को खदेड़ नहीं देते मुझे नहीं लगता कि सीमा से सैनिकों को हटाना ठीक होगा।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति