
बगदाद। इराक में रविवार को हुई हिंसा में कम से कम 15 लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति जलाल तालेबानी की पार्टी के एक स्थानीय नेता को हमले का निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। इस बम हमले में सात लोग मारे गए।
दियाला प्रांत के कारा तप्पा कस्बे के महापौर शेरवान शुकरा ने बताया कि एक स्थानीय नेता मोहम्मद रमादान ईसा के घर के बाहर बम विस्फोट हुआ। शुकरा ने बताया कि रमादान को गंभीर चोट आई। उसकी पत्नी, सास, दो बच्चे, एक भाई और दो सुरक्षाकर्मी मारे गए।
शुकरा ने बताया कि सभी लोग घर के बाहर खड़े थे। तभी यह हमला हुआ। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में रमादान के तीन अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं।
दियाला प्रांत में हुए एक अन्य हमले में एक नागरिक मारा गया जबकि चार अन्य घायल हो गए। यहां सेना के एक गश्ती दल को निशाना बनाने का प्रयास किया गया था। मध्य बकूवा में पुलिस के साथ स्थानीय कायदा विरोधी शैतान सदस्यों की झड़प में एक अन्य नागरिक मारा गया।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बगदाद में पुलिस गश्ती दल को निशाना बनाकर किए गए कार बम हमले में कम से कम छह लोग मारे गए और 14 अन्य घायल हो गए।