
इस्लामाबाद। मुंबई आतंकी हमले में शामिल हमलावरों का संबंध पाकिस्तान से होने की बात दोहराते हुए अमेरिका ने पाकिस्तान से कहा है कि वह भारत द्वारा प्रदान किए गए सबूतों पर आगे की कार्रवाई करे और खतरनाक आतंकी हमले के षड्यंत्रकारियों का पता लगाए।
अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री रिचर्ड बाउचर ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि यह स्पष्ट है कि हमलावरों का नाता पाकिस्तान की धरती से था। बाउचर ने कहा कि अमेरिका चाहता है कि पाकिस्तान भारत द्वारा दी गई सूचनाओं की जांच करे और उपलब्ध सुरागों का पीछा करे तथा षड्यंत्रकारियों का पता लगाए ताकि भविष्य में इस तरह के हमले न हों। यह संयोग की बात है कि भारत ने उसी दिन पाकिस्तान को मुंबई हमले से जुड़े सबूत सौंपे जिस दिन बाउचर पाकिस्तान आए।
पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत के बाद यहां अमेरिकी दूतावास में बाउचर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों पहेली के हिस्से हैं और उन्हें आपस में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को सूचनाओं के आदान-प्रदान की आवश्यकता है।
बाउचर ने कहा कि अमेरिका की जांच में सीधी दिलचस्पी है, क्योंकि मुंबई हमलों में उसके छह नागरिक मारे गए थे। बाउचर ने कहा कि हमारी इस बात में दिलचस्पी है कि जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं उनका निश्चित तौर पर पता चले। उन्होंने कहा कि अपराध की जगह भारत में है और वहां अधिकारियों ने कुछ गिरफ्तारियां की हैं। पाकिस्तान ने भी हमले की योजना और उसे अंजाम देने में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। बाउचर ने कहा कि अब दोनों पक्षों को उपलब्ध सूचना पर आगे कार्रवाई करनी है। यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका मानता है कि इस हमले में आईएसआई समेत पाकिस्तान की सरकारी संस्थाएं शामिल हैं बाउचर ने कहा कि भारत द्वारा सौंपे गए सबूतों से पता लगाने दें कि इन हमलों में कौन शामिल था। हमें तुरंत निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए।