
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में आतंकवाद निरोधी अदालत ने लश्कर- ए-तैय्यबा के संचालन प्रमुख जकीउर रहमान लखवी सहित मुंबई हमले के सात आरोपियों के खिलाफ सुनवाई शनिवार को एक सप्ताह के लिए टाल दी।
रावलपिंडी स्थित कड़ी सुरक्षा वाले अदियाला जेल में इस मामले की सुनवाई चल रही है। जज ने मुकदमे के संबंध में जानकारी देने पर रोक लगा रखी है। बहरहाल सूत्रों ने कहा कि मामले की सुनवाई को शनिवार को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। स्थगन के कारणों के संबंध में पता नहीं चला पाया है। कार्यवाहियों के संबंध में भी कोई अधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
गत सप्ताह भी कोई कार्यवाही नहीं हो पाई थी, क्योंकि जज छुट्टी पर थे। मुंबई हमलों के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की जांच पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी ने की थी, एजेंसी सभी आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र पहले ही दायर कर चुकी है। सात आरोपी हैं लश्कर-ए-तैय्यबा के आतंकी लखवी, जरार शाह, अबु अल कामा, हमाद अमीन सादिक, जमील अहमद, वाई अंजुम और शाहिद जमील।
इन पर मुंबई पर हमला करने वाले 10 आतंकियों को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, रहने की सुविधा, साधन और संचार सुविधा उपलब्ध कराने का आरोप है।