हेडली बार-बार जाता था पाक: एफबीआई

 
Nov 01, 03:08 pm

वाशिंगटन। भारत में लश्कर के इशारे पर किसी बड़े आतंकी हमलों की साजिश रचने के आरोप में एफबीआई द्वारा गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमन हेडली बार-बार पाकिस्तान जाता था।

अमेरिकी जांचकर्ताओं ने बताया कि हेडली ने पाकिस्तान में कई बार काफी समय बिताया था और यहां आतंकी समूहों से प्रशिक्षण भी प्राप्त किया था।

एफबीआई ने हेडली और पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहावुर हुसैन राणा को तीन अक्टूबर को शिकागो के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया था। 49 वर्षीय हेडली यहां से फिलाडेल्फिया की उड़ान भरने की तैयारी में था, जहां से वह पाकिस्तान जाने वाला था।

इलिनोइस की अदालत में एफबीआई द्वारा जमा किए हलफनामे के अनुसार हेडली उर्फ दाऊद गिलानी ने कई बार फ‌र्स्ट व‌र्ल्ड इमिग्रेशन सर्विसेज का प्रतिनिधि होने का दावा किया था। यह कंपनी राणा की है। हेडली की फोन वार्ताओं और ईमेल से भी पता चला है कि वह फ‌र्स्ट व‌र्ल्ड के लिए कई काम करता था। हलफनामे के अनुसार इस बात की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हुई है कि हेडली को फ‌र्स्ट व‌र्ल्ड के अलावा कहीं और से रोजगार मिलता था।

हलफनामे में कहा गया है कि हेडली ने ईमेल भेजने के लिए जिन इंटरनेट प्रोटोकाल पतों का उपयोग किया, उनसे पता चलता है कि उसने पिछले कई सालों में पाकिस्तान और अन्य स्थानों पर काफी समय बिताया।

हलफनामे में उदाहरण के तौर पर बताया गया है कि अगस्त 2008 से दिसंबर 2008 के बीच उसने जिन इंटरनेट प्रोटोकाल से ईमेल भेजे, वह कराची और लाहौर के पते थे।

एफबीआई ने शिकागो अदालत को बताया कि हेडली और राणा दोनों ही भारत में बड़े आतंकी हमले के लिए लश्कर के नेताओं के साथ करीबी संबंध बनाए हुए थे।

एफबीआई ने बताया कि हेडली एक मोबाइल फोन का उपयोग करता था, जो एक मृत व्यक्ति के नाम पर है। पाकिस्तान यात्रा के दौरान हेडली ने संघीय प्रशासनिक कबीलाई इलाके फाटा की भी यात्रा की। एक ईमेल में हेडली ने एक सर्वे से उपजी धारणा पर भी प्रश्न उठाया है, जिसमें कहा गया था कि बहुसंख्यक स्थानीय आबादी तालिबान के विरोध में है।

हेडली को गिरफ्तार करने के पूर्व एफबीआई एजेंटों ने उसका सामान चेक करने की मांग की थी। जांचकर्ताओं को इस दौरान डेनमार्क के अखबार 'ज्यालांद्स-पोस्टन' के एक अगस्त, 2009 के अंक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति भी मिली। इसी अखबार में 2005 में मोहम्मद साहब के कार्टून प्रकाशित हुए थे जिनका व्यापक तौर पर विरोध किया गया था।

इस दौरान हेडली के पास कोपेनहेगन के रास्तों की मार्गदर्शिका और शहर के 13 छोटे वीडियो युक्त मेमोरी स्टिक भी मिली थी।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(8) वोट का औसत

average:4.375
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित