बीजिंग। चीन के सुदूर पश्चिम में पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान छेड़ा है और चार माह पहले हुए जातीय दंगों में हिस्सा लेने वाले संदिग्ध लोगों की धरपकड़ मुहिम तेज की है।
क्षेत्रीय सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने फैक्स से भेजे गए एक बयान में आज कहा कि स्ट्राइक हार्ड का अभियान नवंबर से शुरू होगा और इस साल के अंत तक चलेगा। बयान के अनुसार इसके दायरे में समूचा शिन्जियांग क्षेत्र आएगा। इसके मद्देनजर आतंकवाद की साजिश के प्रति पुलिस को सचेत कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि पांच जुलाई के दंगे के बाद सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया है और नौ लोगों को सजाए मौत दी जा चुकी है। दंगे का आगाज उस समय हुआ जब क्षेत्रीय राजधानी उरूमछी में वीगुर मुसलमानों ने हान चीनियों पर हमले किए।