
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सैनिकों ने बुधवार को तालिबान के एक और मजबूत गढ़ लाढा में घुस गए और दक्षिण वजीरिस्तान के इस कस्बे पर नियंत्रण के लिए उनका उग्रवादियों से संघर्ष हुआ, जिसमें भारी गोलीबारी में 30 आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा, ''बढ़ते हुए सैनिकों ने लाढा में दूसरे आतंकी गढ़ में प्रवेश किया। वहां सड़कों पर भीषण संघर्ष हो रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण संघर्ष में 10 आतंकियों की मौत हो गई, वहीं कस्बे के आसपास हुए संघर्ष में 16 अन्य की मौत हो गई। झड़पों में सात सैनिक भी घायल हो गए।
तालिबान ने मंगलवार को दावा किया था कि वे संख्या के आधार पर मजबूत पाकिस्तानी सेना के खिलाफ छापामार रणनीति का इस्तेमाल करेंगे, लेकिन आतंकियों ने आज अपने गढ़ को बचाने के लिए सड़कों पर संघर्ष किया।
सेना के मुताबिक लाढा को दक्षिण वजीरिस्तान में तालिबान के तीन प्रमुख केंद्रों में से एक कहा जाता है। सुरक्षा बलों ने सरारोघा पर पहले ही कब्जा कर लिया है और केवल माकीन कस्बा आतंकियों के कब्जे में बचा है।
सेना ने दावा किया कि आतंकी पनाहगारों में भीतर तक घुसते हुए उन्होंने सरारोघा में पूरी तरह नियंत्रण कर लिया है, जो मारे गए तालिबान आतंकी बैतुल्ला महसूद का एक मजबूत केंद्र रहा है।