
ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पुलिस ने अमेरिकी दूतावास और भारतीय उच्चायोग सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर हमले की साजिश रचने वाले लश्कर-ए-तैय्यबा के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है।
बांग्लादेशी समाचारपत्र 'द डेली स्टार' ने शुक्रवार को इस संबंध में खबर प्रकाशित की है। रिपोर्ट के मुताबिक तीनों आतंकियों के बारे में पुलिस को सूचना भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक और एक पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक ने दी थी। बताया गया है कि आतंकी ढाका के प्रमुख स्थलों को अपना निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इन स्थलों में अमेरिकी दूतावास और भारत व ब्रिटेन के उच्चायोग शामिल थे। बांग्लादेश खुफिया विभाग के अधिकारियों ने तीनों आतंकियों को बुधवार रात चटगांव से गिरफ्तार किया। ये तीनों हरतक-उल-जिहाद अल इस्लामी और अन्य आतंकी संगठनों के लिए भी काम करते थे।