
इस्लामाबाद। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया कि उसके बल दक्षिणी वजीरिस्तान के तालिबान के गढ़ मकीन में प्रवेश कर गए हैं, जबकि संघीय राजधानी इस्लामाबाद में बंदूकधारियों के हमले में सैन्य ब्रिगेडियर तथा उनका चालक घायल हो गए।
सेना ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा बल आज मकीन शहर में प्रवेश कर गए जिसे आतंकवादियों का गढ़ माना जाता है। शहर के एक बड़े हिस्से को साफ कर दिया गया है और बैतुल्ला महसूद के घर को तहस नहस कर दिया गया है।
सेना ने कहा कि पिछले 24 घंटे में दो दर्जन आतंकी ढेर हो गए और एक को पकड़ लिया गया। मकीन के आसपास कुल 21 आतंकियों को ढेर कर दिया गया।
इस्लामाबाद में मोटरसाइकिल सवार दो बंदूकधारियों की गोलीबारी में ब्रिगेडियर सुहैल और उनके चालक के घायल होने के कुछ ही घंटों बाद सेना का यह बयान आया है। ब्रिगेडियर इस्लामाबाद में अपने घर से निकले थे।
सूत्रों ने कहा कि ब्रिगेडियर आईएसआई में कार्यरत थे हालांकि सेना ने इस वारदात के बारे में कुछ नहीं कहा है।
पुलिस अधीक्षक फखर आलम ने कहा कि हमले के बाद बंदूकधारी फरार हो गए और पुलिस को घटना स्थल पर कुछ गोलियां और पिस्तौल मिले हैं।
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस के चिकित्सकों ने कहा कि ब्रिगेडियर और उनके चालक की हालत स्थिर है।
पखवाड़े भर में इस्लामाबाद में सेना के अधिकारियों पर इस प्रकार का यह तीसरा हमला था। 22 अक्टूबर को आतंकियों के हमले में एक ब्रिगेडियर और उनका चालक मारे गए थे।
इसके पांच दिनों बाद सेना मुख्यालय स्थित डिफेंस सर्विसेज गार्ड्स की ओर जा रहे सेना के एक ब्रिगेडियर उस वक्त बाल बाल बच गए थे जब आतंकियों ने घात लगाकर उनके घर के बाहर हमला किया था।