
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की एक आतंकवाद निरोधक अदालत ने मुंबई हमलों के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए लश्कर-ए-तैयबा के अभियान प्रमुख जकीउर रहमान लखवी सहित सात संदिग्धों की सुनवाई शनिवार को एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दी। आरोपियों की अर्जी पर हुई बहस को सुनने के बाद अदालत ने यह आदेश जारी किया।
बचाव पक्ष के वकील शाहबाज राजपूत ने बताया कि न्यायाधीश मलिक मोहम्मद अकरम अवान ने आज की कार्यवाही के बाद इस मामले की सुनवाई 14 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी।
राजपूत ने इस बारे में ब्यौरा दिए बगैर बताया, अदालत ने आरोपियों की अर्जी को स्वीकार कर लिया है और इस पर फैसला आने की उम्मीद की जा रही है।
अदालत ने वकीलों और इस सुनवाई से जुड़े अन्य लोगों से कहा कि वे इसके ब्यौरे के बारे में मीडिया और पत्रकारों के साथ चर्चा नहीं करें।
उल्लेखनीय है कि रावलपिंडी के अदिआला जेल में कड़ी सुरक्षा के बीच इस मामले की सुनवाई हो रही है और मीडिया तथा पत्रकारों को इस सुनवाई की कवरेज से दूर रखा गया है।