

गया । गया शहर और आसपास के इलाके में बुधवार को गया पुलिस तथा अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। उद्देश्य था मतदाताओं के बीच 'सुरक्षा की भावना' को मजबूत बनाये रखना। गया पुलिस का साथ केन्द्र से आए सीआरपीएफ, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस तथा केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा पुलिस के जवान अत्याधुनिक हथियारों के साथ गया की सड़कों पर नजर आये। जिले के वरीय पुलिस उपाधीक्षक सौरव कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक एम.आर. नायक के निदेश पर फ्लैग मार्च किया गया। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ गया-बोधगया रोड पर स्थित केन्दुई एवं मानपुर क्षेत्र में एक साथ काफी संख्या में रहे जवान नागरिकों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए थे। डीएसपी श्री कुमार ने कहा कि फ्लैग मार्च के माध्यम से असामाजिक तत्वों को संदेश दिया गया है। यदि निष्पक्ष, निर्भिक व स्वतंत्र मतदान में बाधक बने तो कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जायेगी।