

पटना बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सभागार में मंगलवार को लेखक ए.एन. नंद लिखित कहानी संग्रह 'विरासत' का लोकार्पण किया गया। कवि अरुण कमल ने इस पुस्तक का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में खुदाबख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी के निदेशक डा.इम्तयाज अहमद ने संग्रह की कई कहानियों को उत्कृष्ट बताया। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चीफ पोस्टमास्टर जेनरल, बिहार सर्किल कमलेश्वर प्रसाद कहा कि संग्रह में शामिल रचनाएं मानवीय जीवन की गाथा है, जो निश्चित रूप से पाठकों पर प्रभाव छोड़ने में सफल होगीं। मुख्य वक्ता के रूप में श्रम संसाधन विभाग के प्रधान सचिव व्यास जी ने भी कहानियों पर चर्चा की। वहीं कार्यक्रम में शामिल जाने-माने चिकित्सक और नाटककार डा.जितेन्द्र सहाय ने 'विरासत' कथा संग्रह को लेखक का सामाजिक सरोकार से जोड़ा। इस अवसर पर साहित्यकार डा.शिवनारायण, संतोष दीक्षित, सतीशराज पुष्पकरणा और कवि श्रीकांत व्यास समेत अन्य लेखक मौजूद थे।