
गया । राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित चर्चित रंगकर्मी हबीब तनवीर के निधन पर गया के प्रगतिशील लेखक संघ ने शोक सभा आयोजित कर अपनी संवेदना सोमवार को प्रकट की। शोक सभा की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने की। शोक सभा में उपस्थित प्रबुद्ध लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्व. तनवीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने हबीब तनवीर को एक प्रतिबद्ध, प्रयोगधर्मी, जनपक्षधर, रंगकर्मी एवं चिंतक बताया। वक्ताओं के अनुसार वे एक स्तंभ पुरुष थे। एक वक्ता ने उन्हें रंगकर्मी, नाटय निदेशक के अलावे सशक्त कवि एवं गद्यकार बताया। वहीं एक ने कहा कि तनवीर ने सांस्कृतिक चेतना को अपने नाटकों में स्थान दिया। एक वक्ता ने उनके अधूरे कार्यो को आगे बढ़ाने की बात कही। लोक संस्कृति के माध्यम से तनवीर हबीब ने पूंजीवाद, संप्रदायवाद व सम्राज्यवाद के घिनौने चेहरे को बेनकाब किया। शोक सभा को अरुण हरलीवाल, कुमार कांत, हरेन्द्र गिरि, पप्पू तरुण, राजेन्द्र शर्मा राजू, सुशील शर्मा, डा. अन्नपूर्णा श्रीवास्तव, संतेष मिश्र, श्यामाकांत, सनाउल्लाह, डा. अब्दुल मन्नान अंसारी, मो. गुफरान अशरफी, सुमंत आदि ने संबोधित किया।