
हाजीपुर गरीबों की हकमारी और सामंतों-दबंगों की यारी के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद करते हुए भाकपा माले के राष्ट्रव्यापी सात दिवसीय आंदोलन के तहत मंगलवार को हाजीपुर में प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका गया। इस मौके पर माले एवं उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नारा दिया कि 'सबको रोटी सबको काम नहीं तो होगा चक्का जाम'। सबको रोटी-सबको काम के भाकपा माले के राष्ट्रव्यापी सात दिवसीय अभियान के तहत मंगलवार को हाजीपुर में माले के जन संगठन आल इंडिया सेन्ट्रल काउंसिल आफ ट्रेड यूनियन (एक्टू) की ओर से हाजीपुर नगर के गांधी चौक पर पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका गया। इस मौके पर एक सभा आयोजित की गयी जिसे एक्टू के राज्य सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, जिला कमेटी सदस्या संगीता देवी, भाकपा माले के जिला सचिव दीनबंधु प्रसाद, जीके काटन मजदूर यूनियन हाजीपुर के ब्रज किशोर राय एवं अरविन्द कुमार, निर्माण मजदूर यूनियन के नेता विनोद सिंह एवं श्याम बाबू सिंह, खेमस के जिला कमेटी सदस्य राम बाबू भगत, इंकलाबी नौजवान सभा के जिला संयोजक शमशाद अहमद समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। नेताओं ने अपने संबोधन में केन्द्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए दोनों सरकारों को गरीब एवं मजदूर विरोधी करार दिया। 'सबको रोटी-सबको काम नहीं तो होगा चक्का जाम' के नारे के साथ पुतला दहन कार्यक्रम का समापन हुआ। भाकपा माले के 'सबको रोटी-सबको काम' के सात दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बुधवार को प्रगतिशील महिला संघ (एपवा), गुरुवार 3 सितम्बर को आईसा एवं इनौस, शुक्रवार 4 सितम्बर को किसान सभा एवं शनिवार 5 सितम्बर को खेत-मजदूर सभा के तत्वाधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसके जरिये केन्द्र एवं राज्य सरकार की गरीब एवं मजदूर विरोधी नीतियों पर प्रहार करने का कार्यक्रम है।