

लखीसराय। महाअष्टमी पूजा एवं जागरण के साथ ही जिले भर में दुर्गा पूजा की धूम मची हुई है। शुक्रवार की रात देवी का पट खुलने के बाद शनिवार को मंदिरों में देवी दर्शन व खोईछा चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रशासनिक चौकसी बढ़ा दी गई है। शहर के नया बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर एवं पुरानी बाजार स्थित छोटी दुर्गा मंदिर, थाना चौक स्थित शिव दुर्गा मंदिर, बाजार समिति, पंजाबी मोहल्ला, किऊल स्थित रेलवे मैदान विद्यापीठ चौक आदि मंदिरों में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां भगवती का दर्शन कर झांप, बताशा व नारियल चढ़ाया। खासकर सुहागिन महिलाओं ने भगवती को खोर्इंछा चढ़ाया। बड़ी दुर्गा मंदिर के आकर्षक पंडाल व फूलों की सजावट के बीच स्थापित बड़ी दुर्गा की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
वहीं छोटी दुर्गा मंदिर की भव्य सजावट व विद्युत सज्जा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। शहर के चितरंजन रोड स्थित अमिय भारत माता पूजा समिति द्वारा स्थापित भारत माता की आकर्षक प्रतिमा एवं मुम्बई के ताज होटल नरीमन हाउस पर हुए आतंकी हमले एवं आतंकवादियों के खिलाफ हेलीकाप्टर से एनएसजी कमांडो द्वारा कार्रवाई करने की अद्भूत झांकी लोगों को आकर्षित कर रही है। वहीं महावीर स्थान स्थित पीयूष भारत माता पूजा समिति द्वारा पहाड़ों पर विराजमान भारत माता की प्रतिमा एवं आंतकवाद, नक्सलवाद, बाढ़ सुखा आदि के आकर्षक कटआउट एवं देशभक्ति से ओत प्रोत झांकी सुर्खियों में है। पचना रोड स्थित भारत माता, पंजाबी मोहल्ला स्थित काली माता की प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।