
खगड़िया। अमौसी नरसंहार के बाद विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने घटनास्थल का दौराकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। राजद का एक शिष्टमंडल ने घटनास्थल का दौरा किया। जिसमें पूर्व सांसद रामकृपाल यादव व डा. आरके राणा, नेता प्रतिपक्ष प्रो. गुलाम गौस, विधायक डा. रामानुज प्रसाद, सचेतक सह विधायक शिवचंद्र राम, पूर्व एमएलसी रामबदन राय, पूर्व मंत्री विद्यासागर निषाद, जिलाध्यक्ष अनामुल हक, डा. उर्मिला ठाकुर, संजय कुमार यादव, ई. धर्मेन्द्र कुमार, सुजय यादव, नदंलाल मंडल व नरेश सहनी ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, 1-1 सदस्यों को सरकारी नौकरी तथा स्थानीय लोगों को सुरक्षा मुहैया कराये जाने की मांग की है। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. कंचन कुमार पटेल व पार्टी प्रवक्ता घनश्याम प्रसाद ने घटनास्थल का जायजा लेकर संकट की इस घड़ी में जाति-पार्टी से ऊपर उठकर वर्तमान परिस्थितियों का सामना करने पर बल दिया। जबकि जदयू जिलाध्यक्ष सोनेलाल मेहता, प्रदेश महासचिव अरुण यादव, युवा जदयू के प्रदेश महासचिव सुबोध पटेल, जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार मेहता, सुमन कुमार पटेल, खगड़िया प्रखंड अध्यक्ष व बछौता पंचायत के पूर्व मुखिया सुनील कुमार, नप उपाध्यक्ष विनय कुमार पटेल, वार्ड पार्षद सुनील कुमार पटेल समेत दर्जनों जदयू नेताओं ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया है। इधर, राष्ट्रीय समता पार्टी के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार, प्रधान महासचिव श्रीकांत सिंह कुशवाहा, प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार रजक, पंकज कुशवाहा, लालो सदा व मदन वर्मा ने 24 घंटे के अंदर घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने, एसपी इंद्रानंद मिश्र व अलौली थाना प्रभारी का तबादला करने, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये व 1-1 सदस्यों को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। पार्टी नेताओं के अनुसार नरसंहार के मद्देनजर शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा घटनास्थल का जायजा लेंगे। उधर, नरसंहार को लेकर भाकपा का एक शिष्टमंडल घटनास्थल का जायजा लिया। जिसमें राज्य परिषद सदस्य प्रभाशंकर सिंह, जिला मंत्री प्रभाकर प्रसाद सिंह, अलौली अंचल मंत्री पुनीत मुखिया व जिला पार्षद चंद्रकिशोर यादव शामिल थे। भाकपा नेताओं ने नरसंहार के पीछे भाकपा का हाथ होने के आरोप लगाये है। पार्टी नेताओं ने प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा व 1-1 सदस्यों को सरकारी नौकरी तथा अमौसी में पुलिस कैंप लगाये जाने आदि मांगें की है।