
पटना भविष्य को ध्यान में रखते हुए आप अपनी पढ़ाई पूरी तन्मयता से करें, नौकरी की चिंता न करें क्योंकि राज्य के मुख्यमंत्री के साथ-साथ सीआईएमपी के निदेशक का आशीर्वाद आप के साथ है। एससीएमएस (स्कूल आफ कम्यूनिकेशन ऐन्ड मैनेजमेंट स्टडीज) के चेयरमैन डा. जीपीसी नायर ने मंगलवार को सीआईएमपी के छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजित संगोष्ठी में उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि चन्द्रगुप्त प्रबंधन संस्थान पटना को सरकार द्वारा सारी सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं जो कि छात्रों के लिए आवश्यक है।
चन्द्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के निदेशक डा. वी मुकुन्द दास ने कहा कि डा.जीपीसी नायर जैसी शख्सियत को सीआईएमपी में देखकर काफी खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि डा. नायर एक सफल उद्यमी एवं विद्वान हैं। उन्होंने बताया कि डा. नायर बोधगया एवं नालंदा के दौरे पर बिहार आये हैं। उनके आमंत्रण पर वे सीआईएमपी के छात्रों के बीच अनुभव बांटने आए हैं।
एससीएमएस के चेयरमैन डा. नायर ने छात्रों से कहा कि आज के दौर में सूचना का ज्ञान आवश्यक है। छात्रों को सूचनाओं पर नजर रख उपयोगी सूचनाओं को अपने उज्जवल भविष्य के लिए इस्तेमाल करने के लिए तैयार रहना होगा। छात्रों को किसी भी चीज को प्राप्त करने के लिए सतत प्रयास करना होगा सफलता और लक्ष्य अवश्य मिलेगा।