
मधेपुरा। जिला परिषद की बुद्धवार को हुई सामान्य बैठक में 23 में से मात्र 11 सदस्यों की उपस्थिति अविश्वास प्रस्ताव के शिगूफे को बल प्रदान कर गया। ज्ञातव्य है कि यहां जिप अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन बहुत पूर्व में दिया जा चुका है और इस पर जिलाधिकारी ने राज्य सरकार से मार्ग निर्देश मांगा है। ज्ञातव्य है कि बैठक में उपाध्यक्ष रामकुमार यादव, सदस्य दिनेश कुमार यादव, मंजू देवी-11, अनिता देवी, पूनम कुमारी, कुमारी नीतू सिंह, इंदिरा देवी, डोली देवी, पिंकी रानी, अखिलेश कुमार, ब्रह्मादेव ततमा एवं कंतलाल शर्मा शरीक नहीं हुए। इस बाबत सिंहेश्वर से जिप सदस्य दिनेश कुमार यादव बताते हैं कि हमने अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन प्रथमत: जिप अध्यक्ष को देने के बाद नियमानुसार जिलाधिकारी को दिया है। लेकिन समय सीमा के मुद्दे पर स्पष्ट कानून के बावजूद इस पर विभाग से दिशा निर्देश मांगा गया है। यह दिशा निर्देश न जाने कब आएगा या फिर आयेगा ही नहीं। ऐसी स्थिति में हमने पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीका अपनाते हुए जिप की बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। जिस अध्यक्ष पद पर हम अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन दे चुके हैं उन्हीं की अध्यक्षता में हम कैसे शिरकत करेंगे। इन मुद्दों को लेकर हमलोग फिर इस सुशासन में जिलाधिकारी के समक्ष न्याय का दस्तक लगाने जा रहे हैं।