

गया । गुरुवार को दक्षता परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की थी। संघ के नेताओं ने अनुग्रह मेमोरियल कालेज की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगायी। और हंगामा किया। हंगामे के कारण इस केंद्र पर करीब सवा घंटे विलम्ब से परीक्षा शुरू हुई है। जिले में दक्षता परीक्षा में 5246 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 38 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं एक फर्जी परीक्षार्थी धराया। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन ने आठ केंद्रों के अंदर व बाहर सुरक्षा मुकम्मल व्यवस्था की गयी थी। वीक्षक के रूप में नियमित शिक्षक को ही लगाया गया था। जिसके कारण कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न हुई। अनुग्रह मेमोरियल कालेज परीक्षा केंद्र पर सुबह से फतेहपुर, टनकुप्पा, बोधगया प्रखंड के नियोजित शिक्षक जुटने लगे थे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत संघ के नेता आंदोलन के मूड में थे। करीब दो दर्जन महिला शिक्षिकाओं ने इस केंद्र पर मुख्य द्वार को जाम कर हंगामा करना शुरू किया। जिसके कारण प्रारंभिक क्षण में परीक्षार्थी केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं कर सके। आंदोलनकारियों को पुलिस ने जबरन हटाया। जब जाकर परीक्षार्थी परीक्षा हाल में प्रवेश कर गये। लेकिन हाल में भी हंगामा करने से बाज नहीं आएं। आंदोलनकारियों को पुलिस ने बल पूर्वक बाहर निकाला। तब जाकर सवा घंटे विलम्ब से परीक्षा शुरू हुई। शेष केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा सम्पन्न हुई। डीईओ ब्रजेश कुमार ओझा ने कहा कि एक केंद्र को छोड़कर शेष परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गयी।