

दाउदनगर (औरंगाबाद) भारत की सबसे बड़ी एवं एशिया की दूसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय धातू कर्म प्रयोगशाला जमशेदपुर में वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद के तहत दो दिवसीय आयोजित साइंस कांफ्रेंस में यहां की अनुकंपा प्रिया को संस्था निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. सुकोमल घोष ने प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यहां दसवीं कक्षा के बिहार- झारखंड सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के कुल 43 सफल छात्र- छात्राओं को सम्मानित किया गया। अनुकंपा बिहार राज्य मेधा सूची में सातवां स्थान प्राप्त की थी। वह फिलहाल बोकारो में चिनमया स्कूल की छात्रा है। सम्मान लेकर दीपावली में घर लौटी अनुकंपा के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उसने जागरण को बताया कि आईस्टीन जैसे महान वैज्ञानिकों का उदाहरण देकर वैज्ञानिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। 12 वैज्ञानिकों ने विज्ञान के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया तथा रिसर्च के बारे में विस्तृत जानकारी दी। लोहा बनाने का तरीका समेत कई तरह के वैज्ञानिक कार्य, विभिन्न उपकरणों की कार्य प्रणाली बताई गई। मिनरल प्रोसेसिंग प्लांट, पायलट प्लांट का निरीक्षण कराया गया।