
मोतिहारी (पूच)। बापूधाम-मोतिहारी से पोरबंदर (गुजरात) जाने वाली पोरबंदर एक्सप्रेस का परिचालन मुजफ्फरपुर से कर दिये जाने को लेकर गुरुवार को पूर्व मंत्री व राजद प्रदेश उपाध्यक्ष सह जगदेव सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया। धरना को संबोधित करते हुए श्री कुशवाहा ने कहा कि सर्व प्रथम चम्पारणवासियों के सहयोग से गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन की शुरूआत की थी। चम्पारणवासियों के साथ वर्तमान रेलमंत्री द्वारा भेदभाव किया जा रहा है जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने बापू के सम्मान में उनकी कर्मभूमि बापूधाम से जन्मभूमि पोरबंदर तक मोतिहारी पोरबंदर एक्सप्रेस का परिचालन किया था। जिसे साजिश के तहत रेलमंत्री ममता बनर्जी ने मुजफ्फरपुर से कर दिया। इससे चम्पारणवासी अपमानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में बापूधाम स्टेशन पर आगामी 11 नवंबर को धरना प्रदर्शन किया जायेगा। मौके पर राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, शाही यादव, फारुक आजम, अधिवक्ता विनोद सिंह, अनिल सिंह, राजेश पटेल, राजकिशोर तिवारी, राजेश रंजन यादव, मुकेश यादव, मकसूद आलम, रामकेश्वर यादव, अरुण सिंह, विशेश्वर प्रसाद उपस्थित थे।