इंतजार खत्म
-दोपहर में आएंगे मुख्यमंत्री, तैयारी पूरी, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
मुजफ्फरपुर, काप्र : मुरौल प्रखंड का पिलखी घाट। बूढ़ी गंडक नदी पर नव निर्मित पुल सज-धजकर तैयार। बगल में लंबा-चौड़ा मंच, जिसकी सजावट भी लाजवाब। वहीं पर चंद कदम दूर हैलीपैड भी बना है। सोमवार को दिन भर कोई साहेब पुल का तो कभी मंच और हैलीपैड का निरीक्षण करते दिखे। कुछ कमी नजर आने पर उसे दूर करने का त्वरित आदेश। ताकि कोई भी चूक न रह जाए। आस-पास का भी माहौल उत्सवपूर्ण। जनता में भी खुशी। वजह साफ है। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो आएंगे। उद्घाटन की महज औपचारिकता पूरी कर नवनिर्मित पुल को जनता के हवाले कर देंगे।
बताते चलें कि मुरौल, सकरा, बंदरा, बोचहा, गायघाट आदि प्रखंडों की हजारों जनता के लिए यह पुल सपना था। इसके लिए जनता ने वर्षो से कई सितम झेले हैं। आज उस स्वप्न को वास्तव में पंख लग चुका है। जिन्होंने दो वर्ष पहले इस सपने को पूरा करने की आधारशिला रखी, कल वही इसका उद्घाटन भी करेंगे। इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में तकरीबन 20 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। सोमवार को अधिकारियों के साथ डीएम संतोष कुमार मल्ल के अलावा गायघाट विधायक वीणा देवी और सकरा विधायक सुरेश चंचल ने समारोह स्थल का निरीक्षण किया।