
नई दिल्ली, जासं : नीतीश कटारा हत्याकांड में बृहस्पतिवार को सुनवाई शुरू हुई। अब 15 अप्रैल तक बचाव पक्ष की तरफ से जिरह की जाएगी। पटियाला हाउस कोर्ट में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रवींद्र कौर की अदालत में इस मामले में अंतिम जिरह चल रही है।
ज्ञात है कि 26 मार्च को पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्देश दिया था कि मामले की सुनवाई 2 से 15 अप्रैल के बीच प्रतिदिन की जाएगी। आरोपी विकास यादव के वकील को विशेष तौर पर निर्देश दिया गया था कि वे 15 अप्रैल तक अपनी जिरह समाप्त करें। परंतु जज के अवकाश पर रहने के कारण बुधवार को सुनवाई नहीं हो पाई। बृहस्पतिवार को आरोपी विकास यादव के वकील ने अपनी दलीलें दी। उन्होंने कोर्ट को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह जाहिर नहीं होता कि मृतक के शरीर पर हथौड़ा मारा गया था। क्योंकि हथौड़ा मारने से सिर में गड्ढा हो जाता है। रिपोर्ट में इस बात का कोई जिक्र नहीं है। उल्लेखनीय है कि नीतीश कटारा की हत्या 17-18 फरवरी 2002 की रात में कर दी गई थी। इस मामले में भारती यादव का भाई विकास यादव, फूफेरा भाई विशाल यादव व एक अन्य सुखदेव पहलवान आरोपी है।