
पूर्वी दिल्ली, जासं : छोटी बच्चियों पर कामांधों का कहर जारी है। ऐसी ही एक घटना गांधी नगर इलाके में हुई। यहां गुलाम रसूल नामक युवक ने चार वर्षीय बच्ची को हवस का शिकार बना डाला। लोगों ने जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुलाम रसूल गांधी नगर इलाके के अजीत नगर, गली नंबर तीन स्थित एक मकान में किराये पर रहता है। इसी बिल्डिंग दूसरे कमरे में एक चार वर्षीय बच्ची अपने माता-पिता के साथ रहती है। शुक्रवार को बच्ची गुलाम रसूल के घर टीवी देख रही थी। इसी बीच उसने उसे हवस का शिकार बना डाला। बच्ची के चीखने की आवाज सुन उसकी मां वहां आ गई। बच्ची ने मां को बताया कि रसूल ने उसके साथ गलत काम किया है। इसी दौरान बच्ची की मां ने शोर मचाकर पड़ोसियों को भी बुला लिया। लोगों ने गुलाम रसूल को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। पुलिस ने रसूल के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। रसूल मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। वह इलाके में स्थित एक फैक्टरी में कपड़ा कटिंग का काम करता है। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।