

पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता : दिल्ली छावनी परिषद चुनाव का चुनाव प्रचार शुरू हुए अभी कुछ ही दिन बीता है कि प्रत्याशियों के बीच विवाद खतरनाक रूप लेने लगा है। यहां की दो प्रमुख पार्टियों में से एक भाजपा के प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय में किसी ने बृहस्पतिवार की देर रात आग लगा दी। पुरानी नांगल स्थित चुनाव कार्यालय में रखे फर्नीचर, कालीन, झंडे व बैनर राख हो गए। भाजपा नेताओं ने इस घटना के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव है।
जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या सात पुरानी नांगल में बनाए गए भाजपा कार्यालय में बृहस्पतिवार की रात किसी ने आग लगा दी। इसके विरोध में भाजपा नेताओं ने शुक्रवार सुबह दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने बदमाशों की गिरफ्तारी सहित भाजपा उम्मीदवार अनुपमा त्रिपाठी को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने वार्ड की कांग्रेस प्रत्याशी पर बदमाशों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद भाजपाई शांत हुए।
मालूम हो कि 18 मई को दिल्ली छावनी परिषद का चुनाव होना है। इसके लिए कुल आठ वार्डो में वोट डाले जाएंगे। चुनाव कार्य के लिए वार्ड संख्या-सात स्थित पुरानी नांगल गांव में भाजपा की उम्मीदवार अनुपमा त्रिपाठी ने अपना चुनाव कार्यालय खोल रखा है। कार्यालय में बृहस्पतिवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने आग लगा दी जिससे कुर्सियां तथा कारपेट जल गए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन लोकसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता विजय कुमार मल्होत्रा, करण सिंह तंवर, हरशरण सिंह बल्ली, सुभाष आर्या तथा कई पार्षदों ने आगजनी के विरोध में दिल्ली कैंट थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। डा. हर्षवर्धन ने कहा कि दिल्ली कैंट बोर्ड चुनाव में हार तय मानकर कांग्रेसी ओछी हरकत पर उतर आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस में इसकी शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई में देर की जा रही है। क्षेत्रीय विधायक करण सिंह तंवर ने मांग की कि भाजपा कार्यालय में आग लगाने वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन सुबह सात बजे से 11.30 बजे तक चला।
भाजपा प्रत्याशी अनुपमा त्रिपाठी ने कांग्रेस उम्मीदवार गीता चौधरी पर बदमाशों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने पूरे वार्ड में लगे उनके होल्डिंग तथा बैनर फाड़ दिए हैं। वे भाजपा कार्यकर्ता तथा मतदाताओं को भी धमकी दे रहे हैं। वार्ड के चुनाव प्रभारी तनवीर सिंह धमा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात दो बजे हरियाणा नंबर की सफेद इंडिका कार से पांच लोग आए तथा कार्यालय में तेल छिड़ककर आग लगा दी। इन लोगों की नामित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है।