
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : कुछ दिन की राहत के बाद सोमवार को मौसम ने फिर से करवट ले ली। पारा चढ़कर पुन: 40.0 डिग्री सेंटीग्रेड पहुंच गया तो तेज धूप ने भी हालत खराब की। उमस का आलम यह कि धूप में जाते ही पसीना छूटने लगता था। मौसम विभाग के अनुसार, अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा, यानी कभी गर्मी तो कभी नरमी दिखेगी। वैसे, मंगलवार को पुन: आंशिक रूप से बादल छाए रहने एवं धूलभरी आंधी चलने के साथ बारिश होने की संभावना है।
ज्ञात हो कि जम्मू-कश्मीर की ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कुछ दिनों से मौसम का रुख थोड़ा नरम था। न्यूनतम एवं अधिकतम पारे में भी गिरावट आ गई थी तो सुबह-शाम तेज हवा भी चल रही थी। रविवार की सुबह बारिश भी हुई, लेकिन सोमवार को मौसम ने फिर करवट ले ली। सुबह से ही तेज धूप खिली और दिनभर उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे।
जहां तक तापमान की बात है तो रविवार को अधिकतम पारा जहां 38.4 डिसे था, वहीं न्यूनतम पारा 21.4 डिसे रिकार्ड किया गया। जबकि सोमवार को अधिकतम पारा 40.0 डिसे पहुंच गया तो न्यूनतम पारा 25.6 डिसे दर्ज किया गया। यानी अधिकतम पारे में 2 डिसे तो न्यूनतम पारे में 5 डिसे तक की वृद्धि हुई।