

पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता : मॉडल टाउन के मुबारक बाग निवासी सचिन की संदिग्ध हालत में मौत को लेकर सोमवार को उसके परिजनों ने मॉडल टाउन थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने रिंग रोड को भी जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन के मुबारक बाग स्थित एमसीडी क्वार्टर में रहने वाले किशोरी लाल के पुत्र सचिन जीटी करनाल रोड स्थित प्रीतम डीलक्स बैंक्वेट हॉल में काम करता था। बीमार होने के कारण वह एक सप्ताह से घर पर ही था। बताया जाता है कि रविवार की शाम वह किसी काम से बैंक्वेट हॉल गया तो बीमार होने के बावजूद वहां से उसे धक्के मारकर निकाल दिया गया। जब वह घर पहुंचा तो उसकी खराब हालत देख घरवाले उसे बाड़ा हिंदूराव अस्पताल ले गए, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
इस घटना को लेकर सोमवार की सुबह सचिन के परिजन मॉडल टाउन थाना पहुंचे। वहां उन्होंने बैंक्वेट हॉल वालों को सचिन की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कुछ देर के लिए रिंग रोड को भी जाम किया। उनका आरोप है कि सचिन को जहर दिया गया है। साथ ही अगर समय रहते उसे चिकित्सकीय सुविधा मिल जाती तो उसकी मौत नहीं होती। सचिन के पिता किशोरी लाल ने इस बाबत थाने में शिकायत दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच चल रही है।