
नई दिल्ली, जासं : राष्ट्रपति भवन के पास एक सैनिक की पत्नी ने खुद को आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संसद मार्ग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम 5.20 बजे एक महिला राष्ट्रपति भवन के बाहर स्थित पार्क में बैठी थी। इसी दौरान उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली। जब उसका शरीर आग की लपटों से घिर गया तब बचाने की गुहार लगाते हुए वह डलहौजी रोड की तरफ भागी। वहां सीआरपीएफ पोस्ट के पास आकर वह गिर गई। सीआरपीएफ के जवानों ने आग बुझाई। पुलिस ने महिला को सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसका नाम सुनीता है। उसका मायका फर्रूखाबाद और ससुराल आगरा में है। उसके पति राजेंद्र सेना में हवलदार हैं। वह अभी सेना भवन में तैनात हैं। सुनीता ने कहा कि उसके पति उसे प्रताड़ित करते हैं। इससे तंग आकर उसने आत्मदाह का फैसला किया। वह सोमवार को ही आगरा से दिल्ली आई है।