

पश्चिमी दिल्ली, [जागरण संवाददाता]। दर्शनशास्त्र की पढ़ाई के लिए अमेरिका से दिल्ली आए 22 वर्षीय किनन मेहरा नामक एनआरआई छात्र की हत्या कर दी गई। छात्र 8 अप्रैल को अपने माता-पिता के साथ दिल्ली आया था। उसका शव मुखर्जी नगर के हडसन लेन स्थित मकान के उसके कमरे में मिला। उसके गले में चाकू धंसा हुआ था। हत्या गला रेतकर की गई थी। फिलहाल छात्र की हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अमेरिका में रह रहे उसके माता-पिता को इसकी सूचना दे दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, सालों पहले भारत से अमेरिका के नार्वोक में जाकर बस गए अचल मेहरा का वहीं मैगजीन का कारोबार है। 8 अप्रैल को वे अपनी पत्नी तथा बेटा किनन मेहरा के साथ दिल्ली आए थे। उन्हें 9 अप्रैल को बरेली में किसी रिश्तेदार की शादी में जाना था। वहां से लौटने के बाद अचल मेहरा गाजियाबाद के वैशाली में रह रही अपनी बहन के यहां रुके और फिर पत्नी के साथ वापस अमेरिका लौट गए। बेटा किनन मेहरा दिल्ली विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र की पढ़ाई करना चाहता था। इस कारण वह यहीं रह गया। वह शुरू में बुआ के घर रहा। 25 अप्रैल को किनन मुखर्जी नगर के हडसन लेन स्थित मकान संख्या 2315 में चौथी मंजिल पर किराये पर कमरा लेकर उसमें रहने लगा। मकान मालिक हरजीत सिंह बताते हैं कि वह कमरे से बहुत कम निकलता था और उसके कमरे में किसी का आना-जाना भी नहीं था। कमरे की साफ-सफाई नौकरानी करती थी।
सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे किनन के यहां काम करने वाली नौकरानी शकुंतला जब पहुंची, तो उसे कमरे का दरवाजा बंद मिला। दस्तक देने के बाद भी जब भीतर से कोई जवाब नहीं आया, तो शकुंतला ने मकान मालिक हरजीत सिंह को इसकी इत्ताला दी। उन्होंने भी दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे सफल नहीं हो सके तो धक्का देकर दरवाजा खोला। भीतर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। कमरे के बाथरूम में किनन का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसके गले में चाकू धंसा हुआ था तथा चाकू का हैंडिल भी टेढ़ा था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को दी।
एनआरआई छात्र की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम वहां पहुंची। घंटों जांच-पड़ताल के बाद पुलिस को किनन के बारे में कुछ जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस ने उसकी बुआ समेत अमेरिका में रह रहे उसके माता-पिता को घटना के बारे में बताया।
मौके का जायजा लेने पहुंचे उत्तार- पश्चिमी जिला के पुलिस उपायुक्त मनीष अग्रवाल ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह हत्या का मामला लगता है, लेकिन अन्य एंगल से ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालत देखने से लगता है कि हत्यारों का किनन के कमरे में बेरोकटोक आना-जाना रहा होगा। तफ्तीश के बाद पुलिस ने किनन के शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन अस्पताल भेज अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। देर शाम तक पुलिस नौकरानी, मकान मालिक व आस-पड़ोस में रह रहे करीब एक दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अब तक कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा है।
किनन के पिता अचल मेहरा मूलत: पंजाब के रहने वाले हैं। करीब 27 साल पहले वे अमेरिका गए थे और वहीं अमेरिकी महिला से शादी कर बस गए। किनन का जन्म 6 जुलाई, 1986 को चीन में हुआ था।