

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : एक दिन पहले बुधवार को तेज आंधी और झमाझम वर्षा के बाद बृहस्पतिवार को दिल्लीवासियों को फिर से तीखी धूप और उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम पारे में भी 4 डिग्री सेंटीग्रेड से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मई में अधिकतम पारा 40 डिसे से ऊपर नहीं जाएगा। इसके अतिरिक्त 17, 19 व 20 मई को फिर से धूलभरी आंधी चलने और ठीकठाक वर्षा होने की संभावना है।
ज्ञात हो कि बुधवार की सुबह 104 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और 7.1 मिलीमीटर हुई वर्षा से अधिकतम पारा गिर कर 34.0 डिसे तक आ गया था, जबकि बृहस्पतिवार को सुबह से ही तीखी धूप निकलने के कारण बृहस्पतिवार को पारा फिर चढ़कर 38.6 डिसे पहुंच गया। हालांकि न्यूनतम पारा 21.2 डिसे ही रिकार्ड किया गया।
बुधवार को हुई वर्षा के कारण ही वातावरण में उमस बढ़ गई जिससे लोग दिनभर पसीना पोंछते रहे। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, अभी मई में गर्मी से राहत की ही संभावना है और पारा 40 डिसे से ऊपर नहीं जाएगा।
जागरण से बातचीत में मौसम विभाग के निदेशक एससी भान ने बताया कि अभी राजस्थान की ओर अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बने होने के कारण लगातार 'राहत' के आसार बने हुए हैं। शुक्रवार को फिर मौसम गड़बड़ा सकता है। अन्यथा 17, 19 और 20 मई को तो आंधी बारिश का दौर रहना तय है। ऐसे में पारे में भी उतार-चढ़ाव होता रहेगा। वैसे, शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज वाले बादल बनने की भी संभावना है। अधिकतम पारा 39 डिसे के करीब रहेगा।