

फोटो पीकेटी 4 पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता : सरकार व पुलिस चाहे लाख उपाय कर ले, लेकिन ब्लूलाइन चालक अपनी आदत से बाज आने वाले नहीं हैं। आए दिन कहीं न कहीं, किसी न किसी की जान लेना इनकी आदत में शुमार होता जा रहा है। बुधवार की सुबह रानी बाग के महेंद्रा पार्क में कार के खुले गेट से टकराकर सड़क पर गिरे राकेश जैन नामक स्कूटर सवार को जहां 'किलर' ब्लूलाइन बस ने रौंद दिया, वहीं बृहस्पतिवार की दोपहर उत्ताम नगर टर्मिनल में दो ब्लूलाइन बसों के बीच पिसकर नितिन नामक छात्र की मौत हो गई। वह ड्राइवरों को खाना पहुंचाने टर्मिनल गया था। नितिन पंखा रोड स्थित एमसीडी स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था। साथ ही वह बस चालकों को ढाबे से खाना पहुंचाने का भी काम करता था। दुर्घटना के बाद दोनों बस के ड्राइवर व कंडक्टर फरार हो गए। नितिन की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने पथराव कर बसों के शीशे तोड़ दिए तथा पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगाए। लोगों का हंगामा लगभग एक घंटे तक चला। भीड़ को तितरबितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजीं तब जाकर मामला शांत हुआ। उत्ताम नगर थाना पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक उत्ताम नगर जेजे कालोनी के ए-ब्लॉक में रमेश कुमार पत्नी सोनू, बेटों-नितिन तथा विवेक के साथ रहते हैं। वे उत्ताम नगर स्थित किसी प्रिटिंग प्रेस में काम करते हैं। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12.30 बजे उनका बड़ा बेटा नितिन उत्ताम नगर टर्मिनल पर खड़ी उत्ताम नगर से नेहरू प्लेस के बीच चलने वाली रूट संख्या-724 के बस के ड्राइवर को खाना देने गया था। खाना देने के बाद वह बस के पिछले दरवाजे से उतर रहा था कि तभी उत्ताम नगर से आनंद विहार के बीच चलने वाली रूट संख्या-740 ब्लूलाइन बस के ड्राइवर ने बस पीछे कर दी। इससे वह दोनों बसों के बीच पिस गया। उसकी चीख पर ड्राइवर ने बस जैसे ही आगे बढ़ाई, उसका सिर पिछले पहिये के नीचे आ गया जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई। ज्ञात हो कि चालक जब बस को पीछे कर रहा था, उस समय उसे निर्देश देने के लिए बस के पीछे कोई स्टाफ नहीं था जिससे उसे दूसरी बस से छात्र के उतरने की जानकारी नहीं मिल पाई और उसने उसे रौंद दिया। लोगों की सूचना के बाद उत्ताम नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया है।
इधर, बस से कुचल कर छात्र की मौत की खबर जैसे ही लोगों को मिली, वे टर्मिनल पहुंच हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने बसों पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। भीड़ का हंगामा लगभग एक घंटे तक चला। लोगों ने ब्लूलाइन बस को सड़कों से हटाने सहित पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे के बाद पुलिस ने उत्ताम नगर टर्मिनल को खाली करा उसे छावनी में तब्दील कर दिया। लोगों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठियां भाजीं तब जाकर माहौल शांत हुआ।