
पश्चिमी दिल्ली, जासं : मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बृहस्पतिवार की रात नारायणा में दिल्ली छावनी परिषद के चुनावी सभा में कहा कि कांग्रेस विकास का नाम है। पिछले नौ वर्ष में कांग्रेस ने दिल्ली में फ्लाईओवर, मेट्रो, सड़क सहित अनेक विकास के कार्य कराए हैं। जिससे राजधानी का कायाकल्प हो गया है तथा इसकी विश्व में पहचान बनी है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक करण सिंह तंवर पर इलाके की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधायक को क्षेत्र के विकास के लिए दो करोड़ रुपये दिए जाते हैं। लेकिन क्षेत्रीय विधायक ने नारायणा तथा दिल्ली कैंट के विकास के लिए एक भी पैसे नहीं लगाया। वहां आज भी पानी, सड़क तथा सफाई की समस्या बनी हुई है। श्रीमती दीक्षित ने कहा सरकार ने विधवा तथा बुजुर्ग लोगों के लिए पेंशन की राशि बढ़ा दी है। बच्चियों के उद्धार के लिए लाडली योजना शुरू की गई है। लड़कियों के 12वीं पास करने के बाद एक लाख रुपये दिए जाएंगे। उसका प्रयोग परिजन लड़कियों की शादी अथवा उच्च शिक्षा पर खर्च कर सकेंगे। इस मौके पर मंत्री योगानंद शास्त्री, हारुण युसूफ, मंगतराम सिंघल, सज्जन कुमार, जय प्रकाश अग्रवाल तथा दिल्ली छावनी परिषद से कांग्रेस के सभी उम्मीदवार मौजूद थे।