

नई दिल्ली, जासं : अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर कांग्रेस ने अपनी कवायद तेज कर दी है। मगर इसके बीच युवक कांग्रेस का उच्चस्तरीय नेतृत्व उन जिलाध्यक्षों को हटा पाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है जो युवक कांग्रेस के लिए निर्धारित उम्र सीमा पार कर चुके हैं। आज जिन्हें बदला गया है, उनमें से अधिकतर को प्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमित मलिक का समर्थक माना जाता रहा है। हालांकि युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव का तर्क है कि दिल्ली में अपनी स्थिति और बेहतर करने के लिए कांग्रेस ने पांच जिलों के युवा अध्यक्ष को बदल दिया है। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक तंवर ने रोहित करहाना को तिलक नगर जिला कांग्रेस का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया है। प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव प्रदीप जेलदार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि श्री करहाना के अलावा विकास यादव को नजफगढ़ का, संजय चौधरी को मालवीय नगर का, श्रीनिवास बागडी को बाबरपुर का तथा रूपेश खारी को रोहिणी का जिला का अध्यक्ष बनाया गया है। श्री जेलदार ने कहा कि इनके मनोनयन से पार्टी मजबूत होगी और हम जनता के साथ करीब से जुड़ सकेंगे।