
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : काफी दिनों के बाद हुई बारिश ने रविवार को खुशगवार बना दिया। उमस भरी गर्मी से बेहाल हो रहे लोगों के लिए सावन की यह बरसात खासी राहत भरी रही। बारिश ने शनिवार की रात तो भिगोया ही, रिमझिम फुहारों ने सुबह को भी मस्त किया। हालांकि ज्यों-ज्यों दिन चढ़ा, फुहारें तो बंद हो गई, लेकिन मौसम दिनभर सुहाना जरूर बना रहा। लोगों ने भी मौसम का लुत्फ उठाते हुए खूब पिकनिक मनाई। बड़ी संख्या में लोग इंडिया गेट, इंद्रप्रस्थ उद्यान, लोधी गार्डन और स्वर्ण जयंती पार्क पहुंचे। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और बारिश भी हो सकती है।
ज्ञात हो कि कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बेहद रूखा था। तापमान में वृद्धि के साथ उमस से लोग बेहाल हो रहे थे। लेकिन शनिवार की रात मौसम के बदले रुख ने लोगों को कुछ राहत तो दी ही, रविवार की सुबह भी रिमझिम फुहारों का दौर चला। फुहारों का ही असर था कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान जहां सामान्य से 1 डिग्री सेंटीग्रेड (डिसे) कम 33.8 डिसे रिकार्ड किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 25.9 डिसे दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 1 डिसे कम है। उमस का स्तर अधिकतम 98 प्रतिशत एवं न्यूनतम 69 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग (सफदरजंग कार्यालय) के अनुसार, ऐसी स्थिति दो तीन दिन और रहेगी, लेकिन झमाझम बारिश के लिए इंतजार ही करना होगा। सोमवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बारिश होने की भी संभावना है।