

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि राजधानी में जल्द ही 50 और सीएनजी फिलिंग स्टेशन खुलेंगे। यह बात उन्होंने आरकेपुरम के सेक्टर 12 स्थित सीएनजी फिलिंग स्टेशन का दौरा करने के बाद कही। उनके साथ केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा भी थे।
आरकेपुरम में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय और दिल्ली सरकार ने सीएनजी के खरीदारों यानी बस, टैक्सी, ऑटो और निजी वाहनों के चालकों एवं प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई। इसमें प्रतिनिधियों ने सीएनजी गैस की कमी की मांग को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया। इस मौके पर श्री देवड़ा ने कहा कि मंत्रालय राजधानी में पर्याप्त मात्रा में सीएनजी उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त सीएनजी राजधानी बनाया जाएगा। बैठक में केंद्रीय विकास मंत्री अजय माकन, सांसद सज्जन कुमार, कृष्णा तीरथ और विधायक बरखा सिंह के अलावा मुख्य सचिव राकेश मेहता भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सीएनजी सस्ती एवं सुरक्षित है। डीजल और पेट्रोलियम का बेहतरीन विकल्प है। उनके मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत आसमान को छूने के बावजूद देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में मामूली बढ़ोतरी की। विश्वभर में भारत में सीएनजी डीजल और मिट्टी के तेल के सबसे कम दाम हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने बढ़ती मांग पूरी करने के लिए अपनी क्षमता में तीस से चालीस प्रतिशत बढ़ोतरी कराने का फैसला किया है। दिसंबर तक 120 सीएनजी डिस्पेंसर और बिजली से चलने वाले कंप्रेसर लगाए जाएंगे।
श्रीमती दीक्षित ने कहा कि राजधानी में विश्व की सबसे बड़ी सीएनजी चलित सार्वजनिक परिवहन प्रणाली कामयाबी से लागू की गई है। राष्ट्रमंडल खेल 2010 में शुरू होने से पहले दिल्ली व आसपास के शहरों में सौ नए सीएनजी स्टेशन चालू हो जाएंगे। दिल्ली में सीएनजी की बढ़ती मांग के मद्देनजर हर साल दस नए सीएनजी फिलिंग स्टेशन खोलने की योजना है लेकिन अब इसकी संख्या में वृद्धि की गई है। चालू माह में राजधानी में 11.8 लाख किलो प्रतिदिन सीएनजी की बिक्री हुई है और यह 13.5 लाख प्रतिदिन तक भी पहुंच गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड दिल्ली में 54 नए हाई पावर्ड इलेक्ट्रिक कंप्रेशर लगाकर अपनी क्षमता बढ़ा रही है। इससे मौजूदा 21 लाख किलोग्राम प्रतिदिन की क्षमता बढ़कर 26 लाख प्रति किलोग्राम हो जाएगी। ईधन की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर लोग अपने वाहन को सीएनजी में तब्दील करा रहे हैं। सीएनजी से कार चलाना पेट्रोल के मुकाबले 73 और डीजल के मुकाबले 45 प्रतिशत सस्ता है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने वाले समय में राजधानी को प्रदूषण मुक्त करेगी, क्योंकि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भी इसकी बहुत जरूरत है। इसी दिशा में सरकार ने हल्के मालवाहकों को सीएनजी में तब्दील कराने का फैसला लेकर बड़ा कदम उठाया है।